एक दिवसीय प्रशिक्षण में रोगों की पहचान, समय पर उपचार एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
खगड़िया जिले के गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में ग्रामीण चिकित्सा सेवा समन्वय समिति के सहयोग से ग्रामीण चिकित्सकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश बाबू ने की। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों को मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार, बचाव तथा मरीजों को उचित स्वास्थ्य संस्थान तक रेफर करने की प्रक्रिया से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण के दौरान डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, क्षय रोग (टीबी), टायफाइड, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय तथा सरकारी स्तर पर उपलब्ध उपचार सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ग्रामीण चिकित्सकों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि अधिकांश मरीज सबसे पहले उनके पास ही पहुंचते हैं।
कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ मॉनिटर संजय कुमार ने वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं जागरूकता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं वीबीडीएस के ओमप्रकाश कुमार यादव ने मलेरिया और कालाजार नियंत्रण कार्यक्रम की जानकारी साझा की। बीएचएम रूपक कुमार एवं बीसीएम नीतू कुमारी ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, रोगियों की स्क्रीनिंग, समय पर जांच एवं रेफरल व्यवस्था के संबंध में चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश बाबू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामीण चिकित्सकों से अपील की कि किसी भी गंभीर मरीज को समय पर सरकारी अस्पताल भेजें तथा लोगों को स्वच्छता, मच्छरजनित रोगों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण चिकित्सा सेवा समन्वय समिति के प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार एवं नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पासवान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण चिकित्सक स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। उनके बेहतर प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर उचित सलाह और प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण चिकित्सक संजय कुमार, दिलीप कुमार, गणेश कुमार, रंजीत कुमार, पंकज शर्मा, मुकेश यादव, मुकेश कुमार निराला, राजनीति मालाकार, पुलिस पटेल, शंभू यादव, बिपिन बिहारी, परशुराम पटेल, मुकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनस्वास्थ्य के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"






Users Today : 3
Users Yesterday : 91