10 साल से पहले वाहनों को कबाड़ घोषित करने का मामला, 15 दिनों में जांच रिपोर्ट तलब
वाराणसी — वाराणसी नगर निगम के परिवहन विभाग में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। दस साल की मियाद पूरी होने से पहले ही दर्जनों नगर निगम वाहनों को ‘डेड’ घोषित कर नीलामी सूची में शामिल किए जाने को नगर आयुक्त ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में गुरुवार को परिवहन कार्यशाला विभाग के तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
नगर आयुक्त ने पूरे प्रकरण की जांच अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को सौंपी है और 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निलंबन अवधि में तीनों कर्मचारियों को जांच अधिकारी से संबद्ध कर दिया गया है।
डेढ़ साल में ही कबाड़ घोषित कर दी गईं मशीनें
नीलामी समिति के उपसभापति नरसिंह दास तथा पार्षद हनुमान प्रसाद और मदन मोहन दुबे द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2022 में खरीदी गईं 25 ई-गार्बेज मशीनें महज डेढ़ साल में ही कबाड़ घोषित कर दी गईं।
इसके अलावा एक गोल्फ कार्ट वाहन का सिर्फ चेसिस ही यार्ड में मिला, जबकि उसके पहिए, इंजन और बैटरी गायब थे। करीब 10-10 लाख रुपये की जटायु मशीनें और 75 लाख रुपये की स्वीपर मशीनें बिना किसी तकनीकी विशेषज्ञ रिपोर्ट के डंपिंग यार्ड में डाल दी गईं।
इंजन-बैटरी गायब, सर्विस रिकॉर्ड भी नहीं
निरीक्षण में वर्कशॉप में खड़े वाहनों के इंजन, बैटरी और पहिए तक गायब पाए गए। नई जेसीबी और महिंद्रा वाहनों का कोई सर्विस रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। वहीं टाटा एस की दो गाड़ियों पर 1.5 लाख रुपये से अधिक मरम्मत खर्च होने के बावजूद उन्हें भी ‘स्क्रैप’ सूची में डाल दिया गया।
घोर लापरवाही और वित्तीय क्षति का आरोप
रिपोर्ट के आधार पर महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं यार्ड का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर कनिष्ठ लिपिक वैभव शरण मिश्र, सौरभ सान्याल और नृपेंद्र शंकर सिंह को निलंबित कर दिया गया। जारी आदेश में कहा गया है कि इन कर्मचारियों का कृत्य कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत है और इससे नगर निगम को गंभीर वित्तीय क्षति पहुंची है, जो गंभीर दंड की श्रेणी में आता है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 30
Users Yesterday : 45