आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश कुमार सिंह ने किया सुरक्षा सम्मेलन, यात्री सुरक्षा, नशाखुरानी और महिला सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश
सहरसा। समस्तीपुर रेल मंडल के आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त राकेश कुमार सिंह शनिवार को सहरसा जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने आरपीएफ पोस्ट में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन से पूर्व उन्होंने आरपीएफ पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार के साथ जंक्शन परिसर का निरीक्षण कर यात्री सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सुरक्षा सम्मेलन के दौरान यात्री सुरक्षा, नशाखुरानी की घटनाओं पर रोक, महिला सुरक्षा और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सम्मेलन में उप निरीक्षक सुजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक महेश सिंह, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में आरपीएफ के जवान उपस्थित रहे।
आरपीएफ अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुरक्षा के लिहाज से सहरसा जंक्शन का पूरा यार्ड सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। उम्मीद है कि मार्च महीने तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही यार्ड के चारों ओर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएंगी, जिससे पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी रहे और अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जा सके।
यार्ड की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए चारों ओर चारदीवारी निर्माण की योजना भी बनाई गई है। इसके लिए संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और मार्च से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
इसके अलावा सुपौल, सहरसा और मधेपुरा से लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में आरपीएफ एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाएगी। मार्च तक सहरसा जंक्शन पर एस्कॉर्ट की संख्या बढ़ाने की योजना है।
होली पर्व को देखते हुए दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, कोलकाता और हटिया से आने वाली ट्रेनों में अवैध शराब की तस्करी की आशंका को लेकर आरपीएफ ने विशेष टीम गठित की है, जो सिर्फ शराब की खेप पर नजर रखेगी। साथ ही होली तक लंबी दूरी की ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह और यात्री सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जाएगा।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, सहरसा
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 25
Users Yesterday : 45