मिलावट के शक में 3640 किलो सरसों तेल सीज, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

जयपुर (राजस्थान)। राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर की मुहाना मंडी में 3640 किलोग्राम सरसों तेल को सीज कर दिया। तेल के रंग और खुशबू में संदिग्धता पाए जाने के बाद विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक पूरे स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स कमल एंड कंपनी का निरीक्षण किया, जहां मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग द्वारा सप्लाई किए गए टैगोर ब्रांड और विधि ब्रांड सरसों तेल की जांच की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान तेल के रंग एवं सुगंध में असामान्यता दिखाई दी, जिससे मिलावट की आशंका उत्पन्न हुई। इसके बाद विभागीय टीम ने दोनों ब्रांड के तेल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए।

उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने तक करीब 3640 किलो सरसों तेल को सीज कर संबंधित फर्म के प्रोपराइटर को स्टॉक की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी मात्रा में तेल किया गया जब्त

कार्रवाई के दौरान टैगोर ब्रांड के 90 टीन, 5 लीटर क्षमता के 80 प्लास्टिक जार, 2 लीटर के 240 जार, 1 लीटर के 600 जार तथा आधा लीटर क्षमता के 480 जार सीज किए गए। वहीं विधि ब्रांड के 22 टीन, 1 लीटर के 120 जार तथा आधा लीटर क्षमता के 240 जार भी जब्त किए गए।

पहले भी मिलावटी पाया जा चुका है टैगोर ब्रांड

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि दोनों ब्रांड का सरसों तेल जयपुर के आकेड़ा डूंगर, लक्ष्मीनारायणपुरा और वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग में तैयार किया गया था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि टैगोर ब्रांड सरसों तेल के नमूने पूर्व में भी जांच के दौरान मिलावटी पाए जा चुके हैं, जिसके कारण इस बार विशेष सतर्कता बरती गई।

मिलावटखोरों पर जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम नियमित रूप से बाजारों, गोदामों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है ताकि आम उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान एवं राजेश नागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

080744
Users Today : 36
Users Yesterday : 199