खगड़िया (गोगरी)। खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड स्थित ट्राईसम भवन में रविवार को शारदीय (खरीफ) अभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला-सह-एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोगरी प्रखंड प्रमुख अशोक कुमार पंत ने की। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम में कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा टिकाऊ खेती के तरीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोगरी प्रमुख अशोक कुमार पंत, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पंकज कुमार सिंह, वार्ड पार्षद राकेश कुमार, बीआरसी अध्यक्ष अमर सिंह, आत्मा अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कृषि समन्वयक रामपाल सिंह तथा प्रगतिशील किसान नीलम देवी और ललिता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, बीज चयन, कीट एवं रोग प्रबंधन, मिट्टी परीक्षण तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिट्टी जांच और जैविक खेती की दी जानकारी
विशेषज्ञों ने कहा कि लगातार रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच कराकर उसकी आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों का उपयोग करना चाहिए। वैज्ञानिकों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि इससे न केवल भूमि की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि उत्पादन लागत भी कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
‘खेत बचाओ अभियान’ पर भी हुई चर्चा
कार्यशाला के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को ‘खेत बचाओ अभियान’ की जानकारी देते हुए बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धति अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से जल संरक्षण, जैविक खाद के उपयोग और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन का निर्देश
बैठक में मौजूद कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खरीफ मौसम से संबंधित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान करने और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार, मुखिया अरुण कुमार, सूर्यनारायण मंडल, पंचायत समिति सदस्य कन्हैया सिंह, जयचंद्र कुमार, किसान सुबोध शर्मा, नरेश सिंह, संजय सिंह, पुरुषोत्तम कुमार, मीनू कुमारी, मुकेश पंडित, रूपम देवी, शोभा देवी, संजू देवी, चांदनी देवी, उषा देवी, ब्रजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर खेती को अधिक लाभदायक बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, गोगरी
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 167
Users Yesterday : 79