खगड़िया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अलौली प्रखंड के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुम्भा गांव निवासी उपेंद्र शर्मा के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार बेगूसराय में रहकर मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण ले रहा था। शुक्रवार की रात वह घर लौट रहा था। इसी दौरान कुतुबपुर गांव के समीप किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
शनिवार को सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोगों ने बताया कि प्रिंस घर का इकलौता बेटा था और परिवार की तमाम उम्मीदें उसी से जुड़ी थीं। मोबाइल रिपेयरिंग सीखकर वह रोजगार के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहता था, लेकिन उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका,अलौली
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"





Users Today : 28
Users Yesterday : 91