खगड़िया (बिहार)। जिले के बुद्धनगर, सौढ़ उत्तरी पंचायत (भरतखंड) में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण भारती के तत्वावधान में देव वृक्ष पीपल के चार पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी आयूष कुमार ने किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए कम से कम 33 प्रतिशत क्षेत्र में जंगल होना आवश्यक है, जबकि वर्तमान में केवल लगभग 15 प्रतिशत ही वन क्षेत्र शेष बचा है। इसके परिणामस्वरूप प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी, ग्लोबल वार्मिंग और प्राकृतिक आपदाओं में वृद्धि हो रही है।
उन्होंने विश्व के विभिन्न देशों में आई प्राकृतिक आपदाओं—चक्रवात, बाढ़, हिमपात और तूफानों—का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समय रहते वृक्षारोपण नहीं किया गया तो मानव जीवन और भी संकट में पड़ सकता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाएं और पांच वर्षों तक उनकी देखभाल करें।
पर्यावरणविद शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने महाशिवरात्रि के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ प्रकृति के देवता हैं। शिव परिवार में विभिन्न स्वभाव वाले जीव-जन्तुओं का एक साथ रहना इस बात का प्रतीक है कि प्रकृति में सभी का संतुलित अस्तित्व आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिवलिंग पर बेलपत्र और गंगाजल अर्पित करने की परंपरा प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर पीपल जैसे देव वृक्ष का पौधारोपण अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, आयूष कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, दयानंद महतो, सत्यम कुमार, अजय, सिद्धार्थ कुमार शर्मा, विजय, आयूषी कुमारी, विराट सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि धार्मिक पर्वों को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहितकारी कार्यों से जोड़कर मनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com






Users Today : 0
Users Yesterday : 199