
उसरी मध्य विद्यालय में चल रहे राहत शिविर में भोजन की गुणवत्ता जांची, बच्चों के लिए दूध उपलब्ध कराने का निर्देश
गोगरी (खगड़िया)। दैनिक बिहार पत्रिका। गोगरी प्रखंड के उसरी मध्य विद्यालय में चल रहे बाढ़ राहत शिविर का मंगलवार शाम करीब चार बजे जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
जिला पदाधिकारी ने राहत शिविर में संचालित कम्युनिटी किचन का भी जायजा लिया और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही छोटे बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोगरी के सीओ आमिर हुसैन को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित कोई भी पात्र परिवार जीआर (गृह क्षति/अनुग्रह) राशि के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पात्र परिवारों का सही सत्यापन कर उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान गोगरी एसडीओ संजय कुमार, बीडीओ खुशमंदन आनंद, सीओ आमिर हुसैन, कार्यपालक पदाधिकारी सोनी कुमारी एवं एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीएम को राहत शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।









