
बांका:- जिले में यूरिया एवं अन्य रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसानों को परेशानी न हो और खाद की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके, इसके लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।डीएम ने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और बिक्री की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही यूरिया एवं अन्य रासायनिक उर्वरक उपलब्ध हों। किसी विक्रेता द्वारा अधिक कीमत वसूलने, खाद की कृत्रिम किल्लत पैदा करने अथवा जमाखोरी की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एकीकृत उर्वरक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है। इसका संचालन समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, बांका से किया जाएगा। नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। किसान अपनी शिकायत इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं— 06424-223001, 06424-223002, 06424-223004. शिकायतों के त्वरित निष्पादन और जिले में उर्वरकों की उपलब्धता पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की दिनवार प्रतिनियुक्ति भी की गई है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य की जानकारी जरूर रखें। यदि कोई दुकानदार तय कीमत से अधिक राशि मांगता है, खाद उपलब्ध होने के बावजूद कृत्रिम कमी बताता है या कालाबाजारी एवं जमाखोरी करता है तो इसकी सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि किसानों के हक के उर्वरक की कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









