
चांदन/बांका:- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के क्रम में बुधवार, 9 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन एवं इससे जुड़े स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन परिसर में 205, अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र सुइया में 106 तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भैरोगंज में 83, कुल 394 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच के दौरान गर्भवती महिलाओं का ब्लड प्रेशर, वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर संभावित जटिलताओं की पहचान की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य प्रबंधक परशुराम सिंह ने

बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की जाती है। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिलाओं और उनके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना तथा किसी भी संभावित जटिलता की समय रहते पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करने, समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनीश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मेडिकल टीम में डॉ. शशिकांत कुमार, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. जय किशोर,डाॅ.मेघना कुमारी,डाॅ.रमेश कुमार सीएचओ, आशा, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन ममता कुमारी,शंभू कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।











