
श्री राणी सती दादी जी के भादवा महोत्सव में 10 सितंबर को भजन संध्या, 11 सितंबर को मंगल पाठ और भव्य झांकी का आयोजन
जमालपुर/मुंगेर। श्री श्री 108 श्री राणी सती दादी जी का विराट भादवा महोत्सव इस वर्ष भी जमालपुर स्थित श्री मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 10 सितंबर को होगा। इस अवसर पर शाम सात बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इलाहाबाद से पहुंचीं बुलबुल अग्रवाल एवं स्थानीय कलाकार अभिजात आनंद दादी जी के भजनों की प्रस्तुति देंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन 11 सितंबर को दोपहर दो बजे से श्री राणी सती दादी महिला समिति की ओर से मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कोलकाता से पहुंचे संजू-मोनू द्वारा दादी जी का मंगल पाठ प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, बंटी झांकी ग्रुप द्वारा दादी जी की जीवनी पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक श्री संजय मेहारिया एवं अरविंद जलान ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भादवा महोत्सव धर्मशाला परिसर में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के लिए बंगाल के कारीगरों द्वारा दादी जी का भव्य पुष्प श्रृंगार किया जाएगा तथा दादी जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर दादी भक्तों में खासा उत्साह है। समिति के सदस्यों ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस मौके पर संजीव फिटकरी वाला, माधव मस्कारा, राजकुमार शर्मा, गोपाल शर्मा, विकास गर्ग, सुमित जलान, शेखर खेतान, शंकरलाल शर्मा, विशाल संघई, पारस शर्मा, रितेश शर्मा सहित दादी समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।











