
खगड़िया। फरक्का जल संधि के मुद्दे को लेकर बीते 9 सितंबर को बछौता स्थित शारदा फार्म हाउस में आयोजित कार्यक्रम की सफलता पर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया जिले की पूरी जदयू टीम को बधाई दी है।उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले तमाम लोगों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि खगड़िया में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के जदयू कार्यकर्ताओं ने जी-तोड़ मेहनत की।कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम लोगों के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा।उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की,जिसके लिए वे सभी लोगों के आभारी हैं।
विधायक ने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा बिहार की एक गंभीर समस्या को लेकर लगातार आवाज बुलंद कर रहे हैं।फरक्का जल संधि के मुद्दे को बिहार के हित से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ और सुखाड़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बिहार लंबे समय से बाढ़ और सुखाड़ की दोहरी समस्या का सामना करता रहा है।एक ओर बारिश के मौसम में नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है,वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में पानी की कमी भी देखने को मिलती है।ऐसे में जल प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा और ठोस पहल जरूरी है।
उन्होंने कहा कि फरक्का जल संधि के नवीनीकरण का मुद्दा बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इस विषय पर संजय कुमार झा द्वारा उठाई जा रही आवाज को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।विधायक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले जदयू के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं,समर्थकों और आम लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी विषम परिस्थिति में भी लोगों का कार्यक्रम में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेना इस मुद्दे के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है।विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से आगे भी बिहार के हित से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर काम करने की अपील की।









