
खगड़िया। बाढ़ की स्थिति के बीच राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने गुरुवार को रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत में संचालित सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।विधायक ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने सामुदायिक किचेन की व्यवस्था का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों को भोजन भी कराया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को भोजन,पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।जरूरत के अनुसार सामुदायिक किचेन की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए,ताकि किसी भी परिवार को भोजन के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि आपदा के समय लोगों की जरूरतों को पूरा करना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक प्रमुख सिद्धांत रहा है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए आपदा प्रभावित लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का काम कर रहे हैं।सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।
पशुचारे की मांग पर बीडीओ को निर्देश
राहत शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों ने विधायक के सामने पशुचारे की समस्या भी रखी।ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण घरों के साथ-साथ पशुओं के चारे की भी समस्या उत्पन्न हो गई है।पशुओं को पर्याप्त चारा नहीं मिलने से पशुपालकों की परेशानी बढ़ रही है।मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद सदर बीडीओ पूरण साह को पशुचारे की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ उनके पशुओं की जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पशुचारा उपलब्ध कराया जाए।
कई क्षेत्रों को पूर्ण बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग
विधायक बबलू कुमार मंडल ने बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा को पत्र भी लिखा है।पत्र के माध्यम से उन्होंने रहीमपुर दक्षिणी,रहीमपुर मध्य और रहीमपुर उत्तरी पंचायत को पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग की है।इसके अलावा मानसी प्रखंड के पूर्वी ठाठा पंचायत के चैधा बांध,जालिम बाबू टोला और मटिहानी क्षेत्र को भी बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग की गई है।
वहीं,खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 30,31और 19 को भी पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने का आग्रह विधायक ने किया है।विधायक ने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
इसलिए प्रभावित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग के निर्धारित प्रावधानों के तहत राहत एवं अन्य सरकारी सहायता का लाभ मिलना जरूरी है।उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीम लगातार काम कर रही है।प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार सामुदायिक किचेन,राहत सामग्री, पशुचारा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि जब तक बाढ़ की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाता रहेगा और उन्हें हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।









