
खगड़िया। जिला प्रशासन में अधिकारियों एवं कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और जनहितकारी प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर की विशेष पहल पर “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रत्येक माह बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को चिह्नित कर सम्मानित किया जाएगा।

इस माह विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के डीएएम रंजीत कुमार को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में किए गए नवाचार के लिए सम्मान मिला। उनके द्वारा विकसित टीबी वेबसाइट के माध्यम से लोग टीबी जांच के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं तथा टीबी उन्मूलन के प्रयासों में सहयोग के इच्छुक लोग अपना योगदान भी दे सकते हैं।

वहीं, एटीओ रवि रंजन को उपयोगी रेडी रेकनर तैयार करने के लिए सम्मानित किया गया। इससे संबंधित कार्यों में त्वरित संदर्भ, सुविधा और कार्य निष्पादन में एकरूपता लाने में मदद मिल रही है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए फ्लोटिंग क्लिनिक में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार, एमवीआई अभिषेक कुमार एवं वरीय उप समाहर्ता कौशिकी कश्यप को सम्मानित किया गया। स्थानीय संसाधनों और कारीगरों के सहयोग से महज 15 से 20 हजार रुपये की लागत में तैयार यह फ्लोटिंग क्लिनिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना है। इसके जरिए अब तक 1,300 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा चुका है।
इसी क्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मोहम्मद जियाउर रहमान के नेतृत्व में आईटी मैनेजर बमबम कुमार को आरटीपीएस सेवाओं में जिले को राज्य में प्रथम स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तकनीकी दक्षता, सतत अनुश्रवण और सेवा वितरण में सुधार के प्रयासों से आरटीपीएस सेवाओं के प्रदर्शन में बेहतर परिणाम सामने आए हैं।
जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कहा कि प्रशासन में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों के समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य को पहचान मिलना जरूरी है। “अधिकारी/कर्मी ऑफ द मंथ” पहल का उद्देश्य ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना है, ताकि किसी एक अधिकारी या कर्मी का नवाचार पूरे प्रशासन के लिए प्रेरणा बन सके।
उन्होंने कहा कि जनहित में किया गया छोटा-सा प्रभावी प्रयास भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकता है। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों को आगे भी लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।






