
दो बाइक सवारों समेत कार सवार युवती जख्मी, सीएचसी परबत्ता में कराया गया

खगड़िया। परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के मड़ैया थाना अंतर्गत बैसा मोड़ के समीप गुरुवार को कार और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बुलेट सवार दो युवकों समेत कार सवार युवती घायल हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान महद्दीपुर निवासी रामदेव साह के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और प्रमोद साह के 25 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार के रूप में बताई गई है। दोनों युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार थे। वहीं, कार चालक की पहचान तेमथा निवासी सुरेश ठाकुर की 19 वर्षीय पुत्री संध्या कुमारी के रूप में बताई गई है।
बताया जाता है कि अगुवानी और महेशखूंट के बीच मुख्य सड़क पर बैसा मोड़ के समीप कार और बुलेट की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी परबत्ता में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार विमल ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों का इलाज किया गया है। उन्होंने बताया कि अंकित कुमार और संध्या कुमारी की स्थिति फिलहाल ठीक है। वहीं, साहिल कुमार की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किए जाने की बात कही गई है।
घटना के बाद मड़ैया थाना पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
रिपोर्ट: गुरुदेव कुमार, दैनिक बिहार पत्रिका






