
खगड़िया। दैनिक बिहार पत्रिका। राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन, भारत के बैनर तले मंगलवार 22 सितंबर को खगड़िया जिले के चमरू शीतल राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़र में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। साइबर थाना खगड़िया के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और व्हाट्सऐप के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साइबर थाना खगड़िया की सब इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी एवं उनकी टीम मौजूद रही। सब इंस्पेक्टर खुशबू कुमारी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई, ओटीपी सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी अथवा निजी दस्तावेज साझा नहीं करें। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों को समझने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की जरूरत बताई।

साइबर थाना के कांस्टेबल रवि कुमार ने सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, आकर्षक ऑफर, फर्जी कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मैसेज का जवाब नहीं देने और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आरटीआई जागरूकता संगठन, भारत के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को साइबर अपराध के तरीकों और उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पहुंचाना है, ताकि आम नागरिक साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है।

अभियान के दौरान साइबर थाना की टीम ने छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब भी दिया। साइबर अपराध से जुड़ी विभिन्न परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक और साइबर अपराध हेल्पलाइन से संपर्क करने की आवश्यकता के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में संगठन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, बिहार प्रदेश प्रभारी दिलीप कुमार, बिहार प्रदेश किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष संदीप कुमार यादव, बिहार प्रदेश महिला प्रकोष्ठ सचिव ललिता कुमारी, बेगूसराय जिलाध्यक्ष (एससी/एसटी प्रकोष्ठ) रानी कुमारी, खगड़िया जिलाध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) माधव चौधरी, खगड़िया जिलाध्यक्ष (किसान प्रकोष्ठ) विक्रम कुमार शर्मा, बेगूसराय जिला सचिव (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) मो. एजाज, खगड़िया जिला सचिव (जनसंपर्क प्रकोष्ठ) शैलेश सिंह निषाद तथा परबत्ता प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
साइबर जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।






