
बांका समाहरणालय में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनावी कार्यक्रम और नियमों की दी गई जानकारी
बांका:- बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर बांका जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में आदर्श आचार संहिता स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने की।
बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और चुनाव के दौरान लागू नियमों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी और अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर रहेगी। इसके बाद 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर, मंगलवार को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। बैठक में बताया गया कि 22 सितंबर 2026 को प्रेस नोट जारी होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आचार संहिता की बुकलेट भी उपलब्ध कराई गई।

आचार संहिता के नियमों की दी गई जानकारी
प्रशासन ने चौक-चौराहों पर अनावश्यक भीड़ या जमावड़ा, धरना-प्रदर्शन तथा अन्य गतिविधियों से जुड़े नियमों की जानकारी दी। निर्धारित अपवादों को छोड़कर अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध सहित अन्य प्रावधानों के बारे में भी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। रैली, सभा, लाउडस्पीकर और वाहनों के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। साथ ही राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं को भी निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी देने और उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। बैठक में AI-generated Content यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार सामग्री और Synthetic Generated Information के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।
बांका में 11 मतदान केंद्र, 10,692 मतदाता
बैठक के दौरान जिले से संबंधित मतदान केंद्रों और मतदाताओं की जानकारी भी साझा की गई। प्रशासन के अनुसार बांका जिले में 11 मतदान केंद्रों पर कुल 10,692 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान मतपेटिका और बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की।









