
रिपोर्ट:- उमाकांत पोद्दार।
चांदन/बांका। चांदन प्रखंड के कुसुमजोरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 स्थित कुसोना हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बदहाल व्यवस्था के बीच संचालित हो रहा है। 15 वर्ष से अधिक समय पूर्व बने भवन का अब तक विधिवत उद्घाटन नहीं हुआ है। भवन की स्थिति जर्जर होने के साथ इसकी निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। केंद्र की कई खिड़कियां नहीं हैं, फर्श टूट चुका है तथा बिजली-पानी, शौचालय, मरीजों के बैठने और दवाइयां रखने की समुचित व्यवस्था का अभाव है। भवन की हालत ऐसी है कि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मरीजों को भी इलाज के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।

केंद्र परिसर में जंगल-झाड़ उग आए हैं, जिससे सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। हाल में परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों की ओर से इसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं भवन की आवश्यक मरम्मत और डेंटिंग-पेंटिंग अब तक नहीं कराई गई है।ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार खबर प्रकाशित कर विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने भवन की मरम्मत के साथ बिजली-पानी, शौचालय, दवा रखने और मरीजों के बैठने की व्यवस्था कराने की मांग की है।इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक परशुराम सिंह ने केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त कराने की बात कही है। अब देखना है कि विभाग की ओर से कब तक धरातल पर कार्रवाई होती है।











