
बौंसी के छात्र का अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयन, गोरखपुर में 27 से 29 नवंबर तक होगा आयोजन
बौंसी/बांका:- रामगढ़, झारखंड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेले में बौंसी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परमेश्वर लाल खेमका सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, बौंसी के विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रश्न मंच और विज्ञान प्रदर्श में हिस्सा लिया, जिसमें ऋषभ राज ने क्षेत्र स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। क्षेत्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से देव कुमार और शिवम कुमार ने विज्ञान प्रश्न मंच में भाग लिया, जबकि ऋषभ राज ने विज्ञान प्रदर्श में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों के बीच प्रदर्शन के बाद ऋषभ राज को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। क्षेत्र स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद अब ऋषभ राज के सामने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर है। उनका चयन अखिल भारतीय गणित-विज्ञान मेला के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 27, 28 और 29 नवंबर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित होगी। क्षेत्रीय प्रतियोगिता में मिली इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रसाद ने ऋषभ राज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की सराहना की और आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बेहतर परिणाम के लिए विद्यार्थियों का पूरी लगन और मनोयोग से प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने अन्य भैया-बहनों से भी ऋषभ राज के प्रदर्शन से प्रेरणा लेने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने की अपील की। विज्ञान प्रदर्श में प्रथम स्थान हासिल करना विद्यालय के लिए उपलब्धि के साथ-साथ विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। अब विद्यालय परिवार की निगाहें गोरखपुर में होने वाली अखिल भारतीय गणित-विज्ञान प्रतियोगिता पर हैं। ऋषभ राज की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूरे विद्यालय परिवार में उत्साह है। सभी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।











