खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के अगुवानी घाट से सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी में नाव परिचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। नावों पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, पर्याप्त लाइफ जैकेट और लाइफ ब्वॉय उपलब्ध नहीं रहने तथा नावों के क्षतिग्रस्त होने जैसी गंभीर खामियां पाई गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए परबत्ता के अंचल अधिकारी हरिनाथ राम ने थानाध्यक्ष को संबंधित नाव संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
अंचल अधिकारी के पत्रांक 3997, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के अनुसार, वैशाली जिले के राघोपुर में हुई घटना के मद्देनजर अगुवानी घाट पर नाव परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दोपहर करीब 1:45 बजे घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नावों के परिचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।
निरीक्षण में पाया गया कि नावों पर निर्धारित भार क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा था। यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट और लाइफ ब्वॉय भी उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा कुछ नावें पुरानी और क्षतिग्रस्त मिलीं। क्षतिग्रस्त हिस्सों से पानी का रिसाव होने की बात भी सामने आई। इन खामियों से यात्रियों की जान पर खतरा बना हुआ है और कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
पत्र में नाव परिचालन से जुड़े तीन लोगों का उल्लेख किया गया है। इनमें एक ऐसे अनुज्ञप्तिधारी शामिल हैं, जिनकी पूरी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। अन्य दो नाविक नागो यादव और अरविन्द सिंह बताए गए हैं।
अंचल अधिकारी ने संबंधित नाव संचालकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
गुरुदेव कुमार दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता।






