
बौंसी/बांका। शारदीय नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर रविवार को बौंसी दुर्गा मंदिर में आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। मां दुर्गा के दरबार में डलिया भरने के लिए सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मंदिर परिसर में महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। अष्टमी के विशेष धार्मिक महत्व को देखते हुए बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में डलिया लेकर माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं। श्रद्धालुओं की डलिया में फल, फूल, सिंदूर, मिठाई और विभिन्न प्रकार की श्रृंगार सामग्री शामिल थी। महिलाओं ने विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यवसायी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित सुमन उर्फ सोनू चौधरी, कोषाध्यक्ष किशोर मंडल एवं दुर्गा मंदिर समिति के प्रदीप घोष सहित समिति के अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में टेंट, शरबत और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। अष्टमी के

मौके पर मंदिर परिसर के आसपास पूरे दिन मेले जैसा माहौल बना रहा। मां दुर्गा के भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। ढोल-नगाड़ों और शंख की गूंज के बीच श्रद्धालु लगातार ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते रहे। मंदिर में उमड़ी भीड़ के कारण आसपास का वातावरण पूरी तरह धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा। दूर-दराज से भी महिला श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचीं और डलिया अर्पित कर अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की। व्यवसायी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित सुमन उर्फ सोनू चौधरी ने बताया कि अष्टमी के दिन बौंसी दुर्गा मंदिर में डलिया भरने की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। इस परंपरा के प्रति महिलाओं में विशेष आस्था है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती हैं। अष्टमी के दिन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर बौंसी में नवरात्र के प्रति लोगों की गहरी आस्था और धार्मिक परंपराओं के प्रति जुड़ाव को प्रदर्शित किया।


BOUNSI NEWS: अष्टमी पर मां




