खगड़िया/परबत्ता। करवा चौथ के पावन पर्व को लेकर परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के परबत्ता एवं मड़ैया बाजार में रौनक देखने को मिल रही है। पर्व की तैयारियों के बीच बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। महिलाएं अपनी पसंद की साड़ियां, चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री, पूजा की थाली, करवा और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी कर रही हैं।
सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाले इस पर्व को लेकर हर तरफ उत्साह और उमंग का माहौल है। कोई रंग-बिरंगी चूड़ियां खरीद रही हैं, तो कोई साड़ी और सोलह श्रृंगार की तैयारियों में जुटी हैं। वहीं, पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। बाजारों में उमड़ रही भीड़ से दुकानदारों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार, महिलाएं दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को पूजा करती हैं और चंद्रमा के दर्शन के पश्चात व्रत का पारण करती हैं।
करवा चौथ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का प्रतीक भी है। परबत्ता और मड़ैया बाजार की रौनक से पूरे क्षेत्र में पर्व का उत्सवी माहौल दिखाई दे रहा है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार।








