*इलाज के बाद घर लौटे कपिलदेव यादव ने तोड़ा दम, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र में टेम्पू की कथित टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग कपिलदेव यादव की आखिरकार मौत हो गई। कई दिनों तक इलाज कराने के बाद घर लौटे कपिलदेव यादव ने घर पर ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, परबत्ता वार्ड संख्या 14 निवासी कपिलदेव यादव 27 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे घर से खाना खाकर गोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि तेज गति और लापरवाही से आ रहे टेम्पू (गोगो) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टेम्पू का रजिस्ट्रेशन नंबर BR34P-7238 बताया गया है। घायल के पुत्र बाल्मीकि यादव ने चालक की पहचान नूरपुर निवासी सिराज बैठा के रूप में की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल परबत्ता पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए वहां से भी उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें बेगूसराय स्थित ईश्वर अस्पताल ले गए। परिजनों के अनुसार, वहां दो-तीन दिनों तक इलाज चलने के बाद चिकित्सक ने उन्हें घर भेज दिया। घर पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है। मृतक के पुत्र बाल्मीकि यादव ने पहले ही परबत्ता थाने में आवेदन देकर टेम्पू चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। अब बुजुर्ग की मौत के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार।


परबत्ता टेम्पू की टक्कर से








