खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के अगुवानी गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरकर एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अगुवानी गांव निवासी लक्ष्मण मंडल के पुत्र आंस राज उर्फ डोमा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आंस राज उर्फ डोमा किसी कारणवश घर की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), परबत्ता लाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।
सीएचसी परबत्ता में तैनात चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चा जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। चिकित्सक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत होने की पुष्टि की।
बच्चे की मौत के बाद परिजन उसके शव को लेकर अपने घर चले गए। इस हृदयविदारक घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
दैनिक बिहार पत्रिका गुरुदेव कुमार



