*दो बच्चों की मां को सीएचसी परबत्ता में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल किया गया रेफर, पुलिस मामले की जांच में जुटी*
खगड़िया/परबत्ता थाना क्षेत्र के कन्हैयाचक गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने का मामला सामने आया है। घटना में 28 वर्षीय महिला शेषम कुमारी की हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परबत्ता लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
महिला की पहचान कन्हैयाचक गांव निवासी मिथुन कुमार साह की पत्नी शेषम कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शेषम कुमारी की शादी वर्ष 2021 में कन्हैयाचक गांव निवासी प्रदीप साह के पुत्र मिथुन कुमार के साथ हुई थी। शेषम कुमारी मूल रूप से बेलदौर थाना क्षेत्र के भरर्रा गांव निवासी कलेसर उर्फ कैलाश साह की पुत्री है। शादी के बाद दंपती को दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र की उम्र करीब चार वर्ष, जबकि छोटे पुत्र की उम्र लगभग ढाई वर्ष बताई जा रही है।
बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए सीएचसी परबत्ता पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया।
सीएचसी परबत्ता में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार विमल ने बताया कि अस्पताल में महिला का उपचार किया गया। हालांकि, उसकी स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर परबत्ता थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
परबत्ता थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दो छोटे बच्चों की मां के साथ हुई इस घटना से स्थानीय लोग चिंतित हैं। फिलहाल महिला की स्थिति को लेकर परिजनों की नजर इलाज पर टिकी हुई है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।








