*भरतखंड थाना क्षेत्र के मथुरापुर में 13 नवंबर को हुई महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड अंतर्गत भरतखंड थाना क्षेत्र के मथुरापुर में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है। गिरफ्तारी मानवीय आसूचना एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीते 13 नवंबर को भरतखंड थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भरतखंड थाना कांड संख्या 80/26, दिनांक 16 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम जानकारी मिली। इसके बाद 19 नवंबर को उसके घर पर विधिवत छापेमारी की गई, जहां से प्राथमिकी अभियुक्त गौतम कुमार, पिता वेदानंद चौधरी, निवासी मथुरापुर वार्ड संख्या 08, थाना भरतखंड, जिला खगड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी अभियान में भरतखंड थानाध्यक्ष साविकी कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अर्जुन प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक डेविड हांसदा, पसराहा थाना के प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार एवं मड़ैया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक बेचन सिंह सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।








