*स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए कई अहम निर्देश, जांच सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
खगड़िया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर गुरुवार, 19 नवंबर को जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि अस्पतालों के आईपीडी में भर्ती होने वाले सभी मरीजों का इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (ईएचआर) तैयार किया जाए। साथ ही सभी चिकित्सकों को मॉडल रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया। अस्पतालों में पैथोलॉजी जांच की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि मरीजों को अधिक से अधिक जांच की सुविधा मिल सके।
डीएम ने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं को जन्म प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के बाद ही अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाए। वहीं, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत इलाज करा रहे सभी बच्चों का आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाने को कहा गया।
इसके अलावा जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आई स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने और जरूरतमंद मरीजों को चश्मा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वृद्ध मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य रूप से ईसीजी जांच कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुरुष नसबंदी की संख्या बढ़ाने तथा संस्थागत प्रसव का आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराने वाले निजी अस्पतालों से कारण पूछने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
दैनिक बिहार पत्रिका खगड़िया।


खगड़िया आईपीडी में भर्ती मरीजों






