
बांका में आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर, बंद केंद्रों और पोषाहार वितरण में अनियमितता की शिकायतों पर शुरू हुई कार्रवाई। हर महीने होगी जांच।
बांका/कटोरिया। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार वितरण में अनियमितता बरतने वाली सेविकाओं के खिलाफ बांका जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बंद रहने और बच्चों को मिलने वाले पोषाहार में गड़बड़ी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की ओर से विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण एवं जांच की जा रही है। जांच के दौरान कई केंद्रों में अनियमितताएं सामने आने के बाद संबंधित सेविकाओं के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, जिले की करीब आधा दर्जन आंगनबाड़ी सेविकाओं के मानदेय से कुल 33 हजार रुपये की राशि वसूल की जाएगी। अधिकारियों की ओर से बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण से संबंधित पंजी और अभिलेखों का मिलान वास्तविक स्थिति से किया जा रहा है। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित सेविकाओं से स्पष्टीकरण मांगते हुए वसूली की कार्रवाई तय की गई है।
खैरखुट्टी आंगनबाड़ी केंद्र की खबरों के बाद बढ़ी प्रशासनिक सक्रियता
कटोरिया प्रखंड अंतर्गत जयपुर पंचायत स्थित खैरखुट्टी आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद जिले में आंगनबाड़ी व्यवस्था और पोषाहार वितरण को लेकर प्रशासनिक सक्रियता चर्चा में है। केंद्रों पर समय से पोषाहार वितरण नहीं होने, केंद्र बंद रहने और लाभुकों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिलने जैसी शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
अब हर महीने होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच
जिला प्रशासन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य पात्र लाभुकों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं को पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि पोषाहार वितरण में लापरवाही, सरकारी राशि के दुरुपयोग और केंद्र संचालन में मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की जांच आगे भी जारी रहेगी। प्रत्येक महीने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। अब बड़ा सवाल यह है कि जिन केंद्रों पर लंबे समय से अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं, वहां अब तक जिम्मेदार अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ी? क्या नियमित जांच से आंगनबाड़ी व्यवस्था में सुधार आएगा और जरूरतमंद बच्चों तक उनका हक पहुंच पाएगा?


BANKA NEWS: पोषाहार में गड़बड़ी








