
हजारों मरीजों को बांका और भागलपुर जाने की मजबूरी से मिले निजात, एनएच पर दुर्घटना के शिकार लोगों के लिए भी आधुनिक जांच सुविधा की उठाई मांग
बौंसी/बांका। करीब 5.75 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के बाद अब बौंसी में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती ने अस्पताल में महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में उन्होंने सिविल सर्जन बांका और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को अलग-अलग मांग-पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि बौंसी नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार कराने पहुंचते हैं, लेकिन आवश्यक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण उन्हें बांका अथवा भागलपुर का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों को आर्थिक परेशानी के साथ-साथ समय की भी बर्बादी होती है। सबसे अधिक कठिनाई महिलाओं और गर्भवती माताओं को उठानी पड़ती है। गर्भावस्था के दौरान अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी जांच के लिए उन्हें दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए कोमल भारती ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला चिकित्सक यानी स्त्री रोग विशेषज्ञ की स्थायी नियुक्ति करने की मांग की है। साथ ही जीएनएम की नियुक्ति और महिला मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। मांग-पत्र में अल्ट्रासाउंड मशीन की उपलब्धता और नियमित जांच व्यवस्था शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई है। इसके अलावा गंभीर रूप से बीमार मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की बेहतर जांच के लिए सीटी स्कैन मशीन एवं जांच सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने आवेदन में बौंसी एनएच का भी उल्लेख किया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन, राहगीर और यात्री गुजरते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो जाती है। यदि अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हों तो गंभीर मरीजों की समय पर जांच और उपचार में मदद मिल सकती है। सिविल सर्जन बांका को दिए गए आवेदन में इन सुविधाओं को जनहित में जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसकी प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी बांका को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। वहीं, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे गए मांग-पत्र में महिला चिकित्सक की स्थायी नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड मशीन और सीटी स्कैन की व्यवस्था के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है। इस आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री बिहार सरकार और स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव को भी भेजी गई है। गौरतलब है कि हाल ही में बौंसी में लगभग 5.75 करोड़ रुपये की लागत से बने नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल उद्घाटन किया था। इसके बाद स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। अब अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि नया अस्पताल भवन तैयार होने के बाद मरीजों को जरूरी सुविधाएं कब तक मिलेंगी? क्या महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की व्यवस्था जल्द शुरू हो पाएगी? नगर पंचायत अध्यक्ष कोमल भारती की इस पहल के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार के निर्णय पर टिकी हैं। लोगों की अपेक्षा है कि बौंसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को केवल एक बेहतर भवन तक सीमित न रखकर आधुनिक जांच सुविधाओं और पर्याप्त चिकित्सकीय संसाधनों से भी सुसज्जित किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिल सके।


BOUNSI NEWS: बौंसी अस्पताल में








