बिहार पत्रिका डिजिटल, Ludhiana Gas Leak Case : पंजाब के लुधियाना में जहरीली गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 4 पुरुष, 5 महिलाएं और 10 और 13 साल के 2 लड़के बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही 4 की हालत भी गंभीर बताई जा रही है जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक हादसा शहर के ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक एक इमारत में बने मिल्क बूथ में सुबह 7:15 बजे हुआ। लुधियाना की एसडीएम स्वाति ने बताया कि गैस रिसाव के बाद 12 लोग बेहोश भी हो गए।
घटना के बाद मेडिकल, फायर ब्रिगेड, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बीमार हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। यहां की विधायक राजिंदरपाल कौर ने कहा कि इमारत में मिल्क बूथ खुला हुआ था और जो भी सुबह यहां दूध लेने गया वह बेहोश हो गया। प्रशासन ने इमारत के आसपास एक किलोमीटर के इलाके को सील कर दिया है।
आसपास के लोग हुए बेहोश
रिहायशी इलाके में बनी इस बिल्डिंग के 300 मीटर के दायरे कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं। आसपास के घरों और ढाबों के लोग भी बेहोश हुए हैं। प्रशासन ने ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि घटना वाली इमारत से सभी लोगों को निकाला जा चुका है।

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
इलाके में रहने वाले कपिल कुमार नाम के व्यक्ति ने बताया कि उनके परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। कपिल ने बताया कि जब गैस लीक हुई, उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। उसी दौरान गैस के असर से उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी मुंह पर रुमाल बांधकर बीमार पड़े लोगों को एंबुलेंस तक ले गए।
कौन सी गैस, पता लगाने में जुटी मशीनें
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इलाके में किस गैस का रिसाव हुआ और इसकी वजह क्या है। हालांकि, शुरूआती जांच में गैस की बदबू सीवरेज गैस जैसी पाई गई है। अब गैस की जांच के लिए मशीनें मंगवाई गई हैं।
पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि सीवर में तेजाब की वजह से ऐसा हो सकता है या अंदर किसी कैमिकल की मौजूदगी इस गैस की वजह हो सकती है। हालांकि जांच के बाद ही औपचारिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 32
Users Yesterday : 45