
सामुदायिक रसोई के जरिए राहत शिविरों में रह रहे परिवारों और बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था
खगड़िया। जिला पदाधिकारी श्री विक्रम विरकर के निर्देशानुसार जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक रसोई का सफल संचालन किया जा रहा है। राहत शिविरों में रह रहे परिवारों एवं बच्चों को सुबह, दोपहर और रात्रि तीनों समय मौसमी सब्जियों के साथ गर्म, ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों की भोजन संबंधी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सामुदायिक रसोई के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित लोगों तक आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
डीएम विक्रम विरकर के निर्देश पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा राहत व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन एवं अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा की इस घड़ी में हर जरूरतमंद तक राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है।











