
गया। बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषि मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की मंगलकामना की।
इस अवसर पर कहा गया कि भगवान बुद्ध की ज्ञान और करुणा की पवित्र धरती पर प्रज्वलित किया गया यह दीप शांति, सेवा और मानव कल्याण के संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उनके नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान महाबोधि मंदिर की पवित्र भूमि से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साथ ही देश में शांति, समृद्धि एवं विकास की निरंतरता के लिए भी प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर गया पूर्वी जिलाध्यक्ष विजय मांझी, वरिष्ठ अधिवक्ता मुकेश कुमार, वरिष्ठ नेता राहुल कुमार सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: धीरज गुप्ता, दैनिक बिहार पत्रिका






