
आउटसोर्स व्यवस्था के विरोध में कर्मियों ने उठाई आवाज, एकल मांग को लेकर एकजुट रहने का लिया संकल्प
खगड़िया। दैनिक बिहार पत्रिका। बिहार राज्य डाटा एंट्री-कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की जिला इकाई एवं संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में रविवार को खगड़िया में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अपील कुमार सिंह ने की। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और प्रखंडों में बेल्ट्रॉन के माध्यम से कार्यरत डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया।
बैठक में वर्तमान आउटसोर्स व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों ने विस्तार से चर्चा की। कर्मियों ने ठेका मजदूरी व्यवस्था का विरोध करते हुए विभागीय सेवा समायोजन को अपनी एकल मांग बताया। वक्ताओं ने कहा कि डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर लंबे समय से सचिवालय से लेकर जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर तक विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकारी कार्यों के सुचारू संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कर्मियों का कहना था कि आउटसोर्स व्यवस्था के कारण उन्हें सेवा संबंधी कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्होंने सरकार से विभागीय सेवा समायोजन की दिशा में सकारात्मक पहल करने की मांग की। बैठक में इस मांग को लेकर संगठन की एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिले के सभी बेल्ट्रॉन कर्मियों के बीच आपसी समन्वय और एकजुटता बनाए रखने पर चर्चा हुई। साथ ही संयुक्त मोर्चा की ओर से प्रस्तावित आगामी आंदोलनात्मक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने और शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत डाटा एंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर ऋषि राज कुमार, पंकज कुमार, विकाश कुमार, रजनीश कुमार, सदानंद कुमार, गौरव कुमार, बिजय कुमार, बंटी कुमार, रंजीत कुमार, बबलू कुमार और हरि कुंदन कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।






