
दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया। मारवाड़ी युवा मंच, खगड़िया शाखा के तत्वावधान में शहर के अग्रसेन भवन में एक मानवीय एवं संवेदनशील सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों के बीच नि:शुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

इस शिविर के माध्यम से खगड़िया जिले के कुल 150 जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों को जीवन में नया संबल प्रदान किया गया। शिविर में लाभार्थियों को आधुनिक कृत्रिम हाथ-पैर सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए, ताकि वे अधिक आत्मनिर्भर होकर अपना जीवन यापन कर सकें।

शिविर में 20 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, 25 लोगों को व्हीलचेयर, 20 जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र, 30 लोगों को इलेक्ट्रिक/स्मार्ट स्टिक तथा 25 लोगों को बैसाखी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया श्री धनंजय कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना कुमारी तथा बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष श्री अश्विन खटोर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री धनंजय कुमार ने मारवाड़ी युवा मंच के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, “दिव्यांगजनों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। यह अत्यंत मानवीय कार्य है और ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी होते हैं। मारवाड़ी युवा मंच एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति का यह प्रयास प्रशंसनीय है।”
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष श्री नवीन गोयनका ने कहा, “हमारी संस्था सदैव समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के कल्याण के लिए तत्पर रहती है। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।”
मंच के सचिव श्री कृष्ण बंका ने सभी आगंतुक अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य निरंतर करती रहेगी।
उपकरण प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। कई लाभार्थियों ने इस सहायता के लिए मारवाड़ी युवा मंच एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक सुजीत बजाज, रोशन तुलस्यान, सार्थक बजाज, सचिन जगनानी, केशव चमरिया, संजीव तुलस्यान, प्रशांत खंडेलिया एवं चंदन फोगला का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर संतोष तुलस्यान, संदीप केडिया, संजय पालरीवाल , पुरूषोत्तम गुजरवासिया,राजेश अग्रवाल, प्रमोद केडिया सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं खगड़िया के चिकित्सक डॉ. पवन कुमार, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. जैनेंद्र नाहर एवं डॉ. देवव्रत की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक संबल प्रदान किया।
मारवाड़ी युवा मंच खगड़िया शाखा के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।






