
दैनिक बिहार पत्रिका, भागलपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार, पटना की ओर से ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर 25 सितंबर 2026 को देशव्यापी ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दिन के 11 बजे आयोजित होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी देने के लिए बुधवार को सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने बताया कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। इसके 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रभाव, सांस्कृतिक गौरव, भारतीय ज्ञान परंपरा और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, आचार्यों, अभिभावकों, समिति सदस्यों और समाज के प्रबुद्ध लोगों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर में 21 अलग-अलग स्थानों पर वंदे मातरम गायन की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक स्थान पर विद्यालय की ओर से दो आचार्यों को संयोजक एवं सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मौके पर मौजूद जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली परंपरा, राष्ट्रीय भावना और समृद्ध संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. संजीव झा, अवधेश भारती, ममता जायसवाल, शशि भूषण मिश्र सहित विद्यालय के आचार्य एवं पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अभिषेक अग्रवाल, भागलपुर






