
बांका:- कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से बिहार के सभी जिलों में संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के तहत बांका जिले में भी कला प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। बांका का आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र एसएस बालिका उच्च विद्यालय, बांका में संचालित हो रहा है, जहां इच्छुक छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों को विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण केंद्र में शास्त्रीय गायन, कथक नृत्य, तबला वादन और हारमोनियम वादन का प्रशिक्षण अनुभवी गुरुओं द्वारा दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को सरकारी प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विधा में अधिकतम 40 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की गई है। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र बांका में नामांकन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक कलाकार या अभ्यर्थी नामांकन के लिए आवेदन प्रपत्र जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बांका से प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण में नामांकन के लिए न्यूनतम आयु छह वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन के साथ आयु प्रमाण के लिए जन्मतिथि प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा अभ्यर्थियों को तीन पासपोर्ट साइज फोटो भी जमा करने होंगे। प्रशिक्षण केंद्र का संचालन एसएस बालिका उच्च विद्यालय, बांका में शाम 4 बजे से 6 बजे तक किया जाता है। कथक नृत्य के प्रशिक्षण में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के लिए आवश्यक घुंघरू, ड्रेस एवं अन्य सामग्री स्वयं लानी होगी। खास बात यह है कि आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में पूरे वर्ष नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इससे जिले के उन बच्चों और युवाओं को अपनी कला प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा, जो संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं। कला एवं संस्कृति विभाग की इस पहल के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण के साथ अपनी कला को आगे बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेजों के साथ जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय से संपर्क कर नामांकन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या +918409342299 पर संपर्क किया जा सकता है।









