*गुप्त सूचना पर कोलवारा गांव में पुलिस की छापेमारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज।*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मड़ैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 78.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने से इलाके में हलचल मच गई है। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खगड़िया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को मड़ैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कोलवारा गांव में नारद मंडल के घर के पास भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन किया और छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने कोलवारा गांव में नारद मंडल के घर के पास तलाशी ली। इस दौरान बांस-बिट्टा से कुल 78.160 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोलवारा निवासी नारद मंडल और भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के अमिया निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपितों से संबंधित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
*एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज*
गांजा बरामदगी के मामले में मड़ैया थाना कांड संख्या 60/26, के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में मड़ैया थानाध्यक्ष मनीष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार प्रसाद, पीटीसी मो. महताब अंसारी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम सफलता माना जा रहा है।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार








