*भरतखंड थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर सड़क पर फैला झाड़, दो दिन पूर्व बाइक सवार हो चुका है दुर्घटनाग्रस्त*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के भरतखंड थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क और खजरैठा चौक जाने वाली सड़क पर मनीजरा के झाड़ बिछाए जाने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर फैले झाड़ से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके अब तक इसे हटाने की दिशा में कोई पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
बताया जाता है कि दो दिन पूर्व इसी सड़क पर बिछाए गए मनीजरा के झाड़ के कारण एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद भी सड़क से झाड़ नहीं हटाया गया है। थाना के समीप ही इस तरह सड़क पर अवरोध बने रहने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर आवागमन करने वाले बाइक सवारों और अन्य राहगीरों के लिए यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है। रात के समय सड़क पर बिछे झाड़ दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
लोगों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से सड़क पर बिछाए गए मनीजरा के झाड़ को अविलंब हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित








