*प्रखंड मुख्यालय आने वाले लोगों को खरीदकर पीना पड़ रहा पानी, सरकारी व्यवस्था पर उठ रहे सवाल*
खगड़िया/परबत्ता प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित आईटी भवन में आम लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया आरओ सिस्टम पिछले करीब दो वर्षों से खराब पड़ा है। लाखों रुपये खर्च कर स्थापित की गई मशीन अब लोगों के लिए महज शोपीस बनकर रह गई है। इसकी स्थिति देखकर आम लोग इसे ‘हाथी का दांत’ कहने लगे हैं। सरकारी राशि से सुविधा उपलब्ध कराने के बावजूद उसका लाभ लोगों को नहीं मिलना व्यवस्था की उदासीनता को उजागर कर रहा है।
प्रखंड मुख्यालय में प्रतिदिन विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग सरकारी कार्यों के सिलसिले में पहुंचते हैं। आईटी भवन में भी विभिन्न कार्यों को लेकर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में पेयजल की जरूरत स्वाभाविक है। लेकिन आरओ मशीन खराब रहने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। कई लोग मजबूरी में बाजार से पानी खरीदकर पीते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम जनता की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर आरओ मशीन लगाई गई, तो उसकी नियमित देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की होनी चाहिए। लेकिन करीब दो वर्षों से मशीन खराब रहने के बावजूद इसे चालू कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होना समझ से परे है।
लोगों का सवाल है कि जब मशीन से पानी ही नहीं मिल रहा है, तो प्रखंड मुख्यालय में आरओ लगाने का क्या फायदा? सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का उद्देश्य जनता को राहत देना है, न कि मशीन लगाकर उसे लावारिस छोड़ देना। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द आरओ मशीन की मरम्मत कर चालू कराने की मांग की है, ताकि प्रखंड मुख्यालय आने वाले आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
दैनिक बिहार पत्रिका परबत्ता संवाददाता गुरुदेव कुमार पंडित।


परबत्ता आईटी भवन में दो






