*प्रियांशु की 56 रनों की शानदार पारी ने दिलाई जीत, बने मैन ऑफ द मैच*
खगड़िया। जिले के पौरा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में महेशखूंट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खगड़िया की टीम को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। महेशखूंट की इस जीत से खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए खगड़िया की टीम ने निर्धारित ओवरों में 137 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी महेशखूंट की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और महज 14 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह महेशखूंट ने शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
महेशखूंट की जीत में प्रियांशु की अहम भूमिका रही। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं आशीष ने अपनी धारदार गेंदबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रियांशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया। जबकि पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले साजन स्टार्क को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया। इस जीत ने महेशखूंट की टीम का उत्साह बढ़ाया।
दैनिक बिहार पत्रिका खगड़िया।








