वैदिक यज्ञ, भजनों और विचार गोष्ठी के साथ मनाया गया भव्य आयोजन
खगड़िया। महर्षि दयानंद सरस्वती की 201वीं जयंती दयानंद योगाश्रम एवं बाल संस्कारशाला खगड़िया तथा आर्य समाज खगड़िया के संयुक्त तत्वावधान में बबुआगंज विद्याधर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक यज्ञ से हुई, जिसमें डॉ. ऋचा योगमयी ने यज्ञ ब्रह्मा की भूमिका निभाई, जबकि धर्मेंद्र शास्त्री और वंदना शास्त्री यजमान के रूप में उपस्थित रहे। यज्ञ के उपरांत आर्य समाज की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. ऋचा योगमयी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती न केवल एक महान समाज सुधारक थे, बल्कि उन्होंने छुआछूत, धर्म में व्याप्त आडंबर, अंधविश्वास, पाखंड और स्त्री शिक्षा के लिए भी आजीवन संघर्ष किया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज महिलाएं वेद पाठ करने में सक्षम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महर्षि दयानंद ने विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देने के लिए संघर्ष किया और उनके विचारों से प्रेरित होकर भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, रोशन लाहिड़ी, स्वामी श्रद्धानंद, महात्मा हंसराज, लाला लाजपत राय, श्यामजी कृष्ण वर्मा जैसे क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्तमान समय में भी हमें उनके विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम को पतंजलि योगपीठ खगड़िया के उमाशंकर प्रसाद, आर्य समाज के मंत्री अरुण स्वर्णकार और धर्मेंद्र शास्त्री ने भी संबोधित कर महर्षि दयानंद के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की खास प्रस्तुति में आर्य समाज खगड़िया की उप प्रधान गीता देवी आर्या ने सुंदर भजन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस भव्य आयोजन में वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन आजाद, अधिवक्ता ओम प्रकाश अग्रवाल, आर्य समाज की प्रधान निर्मल ज्ञानमयी, सदस्य अंजनी कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता उदय शंकर बिहारी, विजय पोद्दार, अशोक देव, रंजन गुप्ता, नरेंद्र ब्रह्मचारी और शिक्षक रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट— दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 20
Users Yesterday : 24