महिलाओं और युवाओं को साधने में जुटी जदयू, बूथ कमेटी में दी जा रही है भागीदारी
खगड़िया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल मतदाताओं को साधने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। श्री मंडल के नेतृत्व में जिले के सातों प्रखंड और खगड़िया-गोगरी नगर परिषद में बूथ स्तरीय सशक्त कमेटी गठन का कार्य तेजी से चल रहा है।
जदयू जिला अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने सदर प्रखंड के रहीमपुर मध्य पंचायत में 10 सदस्यीय बूथ कमिटी गठन कार्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने जदयू सदर प्रखंड अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह से बूथ कमिटी की सूची प्राप्त की। श्री मंडल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बूथ स्तरीय कमिटी गठन में महिलाओं और युवाओं को प्रमुखता दी जा रही है। हर बूथ पर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि बूथ कमिटी गठन का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
मुस्लिम वर्ग के विकास पर विशेष जोर
जिला अध्यक्ष बबलू मंडल ने कहा कि नीतीश सरकार में न्याय के साथ सभी वर्गों और धर्मों का समुचित विकास हुआ है। उन्होंने राजद के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में मुस्लिम अल्पसंख्यकों का सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल हुआ, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में मुस्लिम समुदाय के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और धार्मिक उन्नति के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-05 की तुलना में अल्पसंख्यक वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए बजट में 284 गुना वृद्धि करते हुए 2025-26 में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुस्लिम वर्ग के प्रति सम्मान, सुरक्षा और न्याय के साथ कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नीतीश का संकल्प साकार होगा
जदयू के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि जिले के बेलदौर, परवत्ता, अलौली और खगड़िया विधानसभा सीटों पर जदयू की मजबूती के लिए महिलाओं और युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी के आगे विपक्ष का दांव-पेंच फेल होगा और 2025-26 में फिर से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे।
इस अवसर पर जदयू के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जदयू नेता डॉ. विद्यानंद दास, जिला उपाध्यक्ष उमेश सिंह पटेल, श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार सिंह, किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रभाकर चौधरी, सदर प्रखंड अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह, किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ललित चौधरी, मोहम्मद फिरदोस अलम, स्थानीय मुखिया कृष्ण कुमार ठाकुर, वार्ड सदस्या कल्पना शर्मा एवं मन्टून मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 23
Users Yesterday : 42