बिहारी यादव की हैवानियत से की गई हत्या, मिठाई का डिब्बा और बैग मौके से बरामद, पुलिसिया सुरक्षा पर उठे सवाल
अमरपुर/बांका: बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ऐसी वीभत्स हत्या सामने आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रामपुर मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित नाले में एक युवक की सिर और गुप्तांग कटी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान केंदुआर गांव निवासी बिहारी यादव के रूप में की गई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम के अनुसार, हत्या बेहद क्रूरतापूर्वक तरीके से की गई है। न सिर्फ युवक का सिर शरीर से अलग किया गया था, बल्कि गुप्तांग भी काट दिए गए थे, जो किसी गहरी साजिश और दुश्मनी की ओर इशारा करता है।
पत्नी से फोन पर हुई थी अंतिम बातचीत
परिजनों के अनुसार, बिहारी यादव बीते सोमवार को कोलकाता से गांव लौटा था। इंग्लिश मोड़ पर पहुंचने के बाद उसने अपनी पत्नी रिंकू देवी को कॉल कर आने की सूचना दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मिठाई का डब्बा और बैग बने अहम सुराग
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रामपुर-केंदुआर मार्ग के किनारे शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान बिहारी यादव के रूप में की। शव के पास मिठाई का डिब्बा और बैग भी मिला है, जो हत्या के पीछे किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति की संलिप्तता की ओर संकेत करता है।
लोगों का फूटा गुस्सा, पुलिस पर बरसी भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीपीओ विपिन बिहारी, थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा, बीडीओ प्रतीक राज और सीओ रजनी कुमारी समेत पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।
क्या बांका में कानून नाम की कोई चीज़ बची है?
इस बर्बर हत्याकांड ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे कोई अपराधी एक युवक की इतनी बेरहमी से हत्या कर शव को खुलेआम नाले में फेंक सकता है और पुलिस को भनक तक नहीं लगती?
स्थानीय लोगों और परिजनों ने मांग की है कि हत्या की साजिश रचने वालों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित की जाए। साथ ही, बांका जिले में पुलिसिंग को दुरुस्त करने और रात में गश्ती व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया गया है।
यह सिर्फ हत्या नहीं, सिस्टम की नाकामी की खूनी कहानी है – जिसे दबाया नहीं, उजागर किया जाना चाहिए।
रिपोर्ट: कुमार चंदन, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 17
Users Yesterday : 42