पदभार ग्रहण करते ही की मीडिया से सौहार्दपूर्ण संवाद, विकास को लेकर लिया फीडबैक
हाजीपुर। वैशाली जिले की नवनियुक्त जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एक परिचयात्मक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण संवाद स्थापित किया।
प्रेस वार्ता के दौरान डीएम वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया कि “विकास प्रक्रिया में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया न केवल समस्याओं को उजागर करता है, बल्कि समाधान की दिशा में भी सहयोगी बन सकता है।” उन्होंने पत्रकारों से जिले की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया।
पत्रकारों ने इस मौके पर शहर की प्रमुख समस्याएं जैसे—सफाई व्यवस्था में लापरवाही, ट्रैफिक जाम, जलजमाव, चोरी की घटनाएं, नेपाली छावनी मंदिर की बदहाल स्थिति, नशाखोरी के बढ़ते अड्डे, सदर अस्पताल में दलालों की सक्रियता और पुराने गंडक पुल पर लगने वाले रोजाना जाम जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इन सवालों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन मीडिया से सतत संवाद बनाए रखेगा और उसके सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय से जिले में विकास की गति को और मजबूती दी जा सकती है।
प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज भी उपस्थित थे। इस अवसर पर डीएम ने सभी पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त किया और आपसी विश्वास व सहयोग की भावना के साथ संवाद को सकारात्मक दिशा देने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 14
Users Yesterday : 42