मां काली मंदिर में चोरी से सनसनी, मुकुट और सोने का हार सहित कीमती सामान ले उड़े चोर

दैनिक बिहार पत्रिका। किशनगंज। किशनगंज जिले के ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कलकतिया फार्म के प्रसिद्ध मां काली मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के ताले तोड़कर मां काली का मुकुट, सोने का हार, घी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह जब मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर के मुख्य द्वारों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखने पर गर्भगृह से मां काली का मुकुट, सोने का हार और अन्य पूजन सामग्री गायब थी। चोरी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के दोनों प्रवेश द्वारों पर मजबूत और बड़े ताले लगे हुए थे, बावजूद इसके चोरों ने बेखौफ होकर ताले तोड़े और वारदात को अंजाम दिया। सबसे हैरानी की बात यह है कि मंदिर घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है, फिर भी किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया हो। इससे पहले सितंबर 2023 में भी इसी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस खुलासा नहीं हो पाया है। इसके अलावा रेलवे गेट के समीप स्थित मां काली मंदिर और जैन मंदिर में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिरों में चोरी की बढ़ती घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे ठाकुरगंज क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के परिणाम पर टिकी हुई हैं।

रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, संवाददाता 

दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका

संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com

Leave a Comment

ट्रेंडिंग खबर

आपकी राय

[democracy id="1"]

today rashifal

Our Visitor

080996
Users Today : 54
Users Yesterday : 32