मुंगेर प्रमंडल के 46वें आयुक्त ने संभाला पदभार, कहा- योजनाओं की पारदर्शी समीक्षा होगी प्राथमिकता
मुंगेर । मुंगेर प्रमंडल को नया आयुक्त मिल गया है। गुरुवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने प्रमंडल के 46वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्हें पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान आयुक्त कार्यालय में गरिमामय माहौल देखा गया, जहां आयुक्त के सचिव मनोज कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया।
पदभार ग्रहण के उपरांत आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह मेरे लिए सुखद संयोग है कि मुंगेर प्रमंडल के छह जिलों में से तीन जिलों में मैं पूर्व में जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुका हूं। इसलिए इन जिलों की प्रशासनिक संरचना, भौगोलिक परिस्थितियों और जनसमस्याओं से मैं अच्छी तरह परिचित हूं।”
उन्होंने कहा कि अब वे अन्य जिलों की भी विस्तृत जानकारी लेंगे और प्रमंडल के सभी जिलों में चल रही राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की पारदर्शी और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करेंगे, ताकि जनता तक इन योजनाओं का लाभ ससमय और ईमानदारी से पहुंचाया जा सके।
आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी जिलाधिकारियों को सशक्त मार्गदर्शन और अपेक्षित सहयोग दिया जाएगा, जिससे नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावशाली ढंग से लागू किया जा सके और आम जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिले।
उन्होंने अपने अनुभव, प्रतिबद्धता और समझदारी से मुंगेर प्रमंडल के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रभावी पहल का भरोसा जताया।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com








Users Today : 15
Users Yesterday : 42