भव्य जुलूस में बच्चों की सहभागिता रही आकर्षण का केंद्र, शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
दैनिक बिहार पत्रिका डिजिटल, कटिहार। जिले में शुक्रवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का त्योहार पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में एक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे लोग हाथों में इस्लामिक तिरंगा झंडा थामे हुए नजर आए।
जुलूस की शोभा बढ़ाने में छोटे-छोटे बच्चों की भागीदारी सबसे अधिक आकर्षक रही। सुबह की तेज धूप के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। जुलूस में शामिल समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। चौक-चौराहों पर पुलिस बल और सामाजिक संगठनों की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। जिले के विभिन्न हिस्सों में पुलिस पेट्रोलिंग भी जारी रही।
जुलूस में शामिल लोगों ने बताया कि ईद-ए-मिलाद-उन-नबी इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में नमाज अदा करते हैं और कुरान शरीफ का पाठ कर अल्लाह की रहमत की दुआ करते हैं।
सोशल मीडिया पर भी त्योहार की खुशियां साझा की गईं। लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हुए भाईचारे और सौहार्द का संदेश फैलाया। पूरे जिले में इस अवसर पर सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल रहा।
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 0
Users Yesterday : 34