ड्रोन कैमरे की मदद से मिला बच्ची का शव, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
खगड़िया। गंगौर थाना पुलिस एवं DIU टीम ने नाबालिग बालिका की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के अनुसार, दिनांक 06 जनवरी 2026 को रात्रि करीब 10 बजे गंगौर थानाध्यक्ष को फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भदास मुसहरी से एक नाबालिग बच्ची शाम करीब 4 बजे अपने घर के पास से लापता हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा दल-बल के साथ रात्रि में ही थाना क्षेत्र के चौक-चौराहों एवं खेत-खलिहानों में सघन तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02, अलौली के नेतृत्व में 07 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे से ड्रोन कैमरे की सहायता से खोज अभियान शुरू किया गया। इसी क्रम में दोपहर करीब 12 बजे पीड़िता के घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर सरसों के खेत से लापता बच्ची का शव बरामद किया गया।
शव बरामद होते ही घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को सूचित किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, खगड़िया भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतिका की मां के बयान के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 घंटे के भीतर आरोपी रंजीत कुमार (उम्र 18 वर्ष), पिता—भीखो तांती, निवासी—दक्षिणी भदास महुआ मुसहरी, वार्ड संख्या-02, थाना गंगौर, जिला खगड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा सभी वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान की प्रक्रिया जारी है तथा जांच पूर्ण कर मामले को त्वरित विचारण हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
रिपोर्ट: कृष्णा टेकरीवाल, दैनिक बिहार पत्रिका
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
संपादक: कृष्णा टेकरीवाल मोबाइल: +91 9801716267 विश्वसनीयता और निष्पक्षता के साथ बिहार और देश की हर बड़ी खबर, राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और मनोरंजन से जुड़े अपडेट। हमारी प्राथमिकता - जनहित और सच्चाई। जुड़ें और जानें, हर खबर सबसे पहले। वेबसाइट: www.dainikbiharbatrika.com ईमेल: dainikbiharpatrika@gmail.com







Users Today : 16
Users Yesterday : 42