डीआईयू व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद
Bihar News, खगड़िया — जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईयू खगड़िया और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा मुरादपुर–माधवपुर दियारा इलाके में की गई।
पुलिस अधीक्षक, खगड़िया के निर्देश पर अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। गोगरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) साक्षी कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर परबत्ता थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई थी, जहां एक ठिकाने से अवैध हथियार निर्माण में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान मौके से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, अर्द्धनिर्मित देसी पिस्टल तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामानों में लोहे के सांचे, ड्रिल मशीन, कटिंग उपकरण, स्प्रिंग, प्लेट एवं अन्य पार्ट्स शामिल हैं।
डीएसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि बरामद सामग्री से स्पष्ट होता है कि यह कोई सामान्य गतिविधि नहीं, बल्कि संगठित तरीके से अवैध हथियार तैयार कर उनकी आपूर्ति की जा रही थी। पुलिस के अनुसार यह एक सक्रिय नेटवर्क था, जो लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद उर्फ कबीर (उम्र लगभग 40 वर्ष), मो. सदीक उर्फ साथी (लगभग 45 वर्ष) और लड्डू मंडल उर्फ देवी मंडल (लगभग 40 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों आरोपी मुंगेर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 25/26 के तहत आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि तैयार हथियार किन-किन इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई को परबत्ता थाना पुलिस, पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर कुमार, सुशील कुमार पांडेय एवं वीरेंद्र सिंह ने डीआईयू और एसटीएफ टीम के सहयोग से अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने इसे जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, खगड़िया
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 20
Users Yesterday : 24