प्रश्नकाल में भारी बवाल, अशोक चौधरी और सुनील सिंह में तीखी नोकझोंक
पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के छठवें दिन दुष्कर्म और बढ़ते अपराध के मुद्दे को लेकर में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रश्नकाल के दौरान सभापति ने पूरे विपक्षी विधान पार्षदों को दिनभर के लिए निलंबित कर सदन से बाहर करने का आदेश दे दिया।
प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्य कानून-व्यवस्था को लेकर उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ गए। इसी बीच जब स्वास्थ्य मंत्री सवालों का जवाब दे रहे थे, तब भी नारेबाजी जारी रही। इस पर सभापति ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रश्नकाल बाधित नहीं किया जा सकता और मार्शल को निर्देश दिया कि सभी विपक्षी सदस्यों को बाहर किया जाए।
सदन से बाहर जाते समय माहौल और गरमा गया, जब मंत्री और राजद एमएलसी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच एक-दूसरे पर चिल्लाने और “औकात दिखाने” तक की नौबत आ गई। अशोक चौधरी ने आरोप लगाया कि विपक्ष दलितों का अपमान कर रहा है, जबकि सभापति लगातार विपक्षी सदस्यों को बाहर जाने का निर्देश देते रहे और उनके आचरण को संज्ञान में लेने की बात कही।
इसके बाद विपक्ष की नेता के साथ तमाम विपक्षी सदस्य सदन से बाहर निकल गए और परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राबड़ी देवी ने कहा कि उनकी बात नहीं सुनी गई और आसन से 12 घंटे के लिए बाहर जाने का आदेश मिला, इसलिए वे बाहर आए हैं।
रिपोर्ट: दैनिक बिहार पत्रिका, पटना
Author: दैनिक बिहार पत्रिका
📰 खबर भेजने के लिए संपर्क करें 📞 +91 9801716267 दैनिक बिहार पत्रिका "सच्ची खबर, सीधे ज़मीन से"








Users Today : 30
Users Yesterday : 28